- लाइसेंसी राइफल, एक खोखा और दो कारतूस बरामद, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा

कुठौंद (जालौन)। मकान निर्माण के विवाद में जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के आरोप में सिरसाकलार पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी राइफल और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को एक महिला ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह अपने मकान का निर्माण करवा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी भानु प्रताप पुत्र स्वर्गीय देव सिंह निवासी ग्राम बिरहरा ने निर्माण कार्य रोकने को लेकर गाली-गलौज की और लाइसेंसी राइफल से उस पर फायरिंग कर दी।

महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 116/2026 धारा 109, 351(2) और 352 बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी।

पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के निर्देशन में विवेचना के दौरान सिरसाकलार पुलिस ने आरोपित भानु प्रताप को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 315 बोर की लाइसेंसी एनपी बोर राइफल, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।