- 12 नवंबर तक खुला रहेगा ऑनलाइन पोर्टल

- नाम, माता-पिता के नाम, विषय, फोटो और अन्य विवरणों में करा सकेंगे संशोधन

- जन्मतिथि और पूर्ण नाम में सुधार के लिए ऑफलाइन आवेदन करना होगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को शैक्षिक विवरणों में संशोधन का अवसर दिया है। इसके तहत छात्र अपने नाम, माता-पिता के नाम, विषय, वर्ग और फोटो सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियों में सुधार करा सकेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 नवंबर से 12 नवंबर तक ऑनलाइन पोर्टल सक्रिय रहेगा। विद्यालयों के प्रधानाचार्य परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर लॉगिन करके विद्यार्थियों के विवरणों में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।

संशोधन के दायरे में जेंडर, जाति, परीक्षा का माध्यम और हाईस्कूल का अनुक्रमांक भी शामिल हैं। वहीं जन्मतिथि और पूर्ण नाम में बदलाव के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया के बजाय ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा। ऐसे आवेदन 16 नवंबर तक जमा किए जा सकेंगे।

बोर्ड परीक्षा से पहले विद्यार्थियों के शैक्षिक अभिलेखों में त्रुटियों को ठीक कराने के लिए यह अवसर महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने विद्यालय में संपर्क कर अंकपत्र और अन्य अभिलेखों में दर्ज विवरणों का मिलान कर लें, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर संशोधन की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके।