फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना क्षेत्र के माखन नगला गांव में स्कूल जाने वाले करीब 200 मीटर लंबे रास्ते का पांच साल से डामरीकरण नहीं कराया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क निर्माण के नाम पर रास्ते पर गिट्टी और कंक्रीट डालकर काम अधूरा छोड़ दिया गया। इसके बाद से सड़क की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। ऐसे में स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर गिट्टी और कंक्रीट डालने के बाद डामरीकरण कराया जाना था, लेकिन पांच साल बीतने के बावजूद यह काम पूरा नहीं हुआ। अधूरी सड़क के कारण रास्ते से गुजरने वाले लोगों को दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से कई बार समस्या के समाधान की मांग किए जाने की बात कही है।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के लिए आए सरकारी धन के बंटवारे का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य के लिए बजट जारी हुआ था तो सड़क का काम पूरा क्यों नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कराने और अधूरे पड़े 200 मीटर रास्ते पर जल्द डामरीकरण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी गांव की इस समस्या पर ध्यान देंगे और स्कूल जाने वाले रास्ते का निर्माण पूरा कराया जाएगा।