आलू के बोरे खेत ले जाने के दौरान हुआ विवाद, लाठी-डंडों से पीटने का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच, अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं
फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के जनैया सठैया गांव में आलू के बोरे उठाने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मारपीट में घायल ग्रामीण कमलेश की मौत के बाद उसके पिता की तहरीर पर गांव के पूर्व प्रधान और उनके परिजनों समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मृतक के पिता श्याम बिहारी राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका करीब 35 वर्षीय पुत्र कमलेश 2 नवंबर को शाम लगभग 4 बजे पूर्व प्रधान उदयवीर शाक्य के घर के सामने स्थित आम के बाग में रखे आलू के बोरे उठाने गया था। ये बोरे पिछले तीन-चार दिनों से बाग में रखे हुए थे। कमलेश उन्हें बोने के लिए अपने खेत ले जा रहा था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद पूर्व प्रधान उदयवीर शाक्य, उनके पुत्र छोटू उर्फ आदित्य, भाई रामलखन तथा उनके परिजन सतीश और पप्पू मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने कमलेश के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
तहरीर में श्याम बिहारी ने बताया कि घटना के समय गांव के उदयवीर पुत्र स्वर्गीय हीरालाल और संजीव कुमार पुत्र नेकराम भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने घटना को देखने की बात कही है। घायल कमलेश को परिजन घर लेकर पहुंचे, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दी।
पिता की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व प्रधान उदयवीर शाक्य, उनके पुत्र छोटू उर्फ आदित्य, भाई रामलखन और सतीश व पप्पू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामसहाय सिंह के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। मृतक के शव का चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।



