जौनपुर: जौनपुर जनपद के खेतासराय थाना क्षेत्र और वाराणसी-अयोध्या डिवीजन के डोभी-गोरारी रेल मार्ग (Dobhi-Gorari Rail Route) पर मंगलवार दोपहर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस (Tapti Ganga Express) की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे सूरत से थावे जंक्शन जा रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस (19045) डोभी-गोरारी रेल मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेन के लोको पायलट ने मेमो के माध्यम से शाहगंज और खेतासराय रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को सूचना दी। घटनास्थल खेतासराय क्षेत्र में होने के कारण स्टेशन मास्टर ने स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया।
सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी अनिल पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरपीएफ के जवानों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। शुरुआती दौर में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। करीब दो घंटे बाद उसकी शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की गई। मृतक की पहचान गोरारी निवासी सचिदानंद मौर्य (22) पुत्र हरिवंश मौर्य के रूप में हुई।
आरपीएफ प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि मृतक की पहचान हो गई है। मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है।




