फर्रुखाबाद। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2027 के तहत सोमवार को रखा इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘युवा उत्सव’ का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ रखा इंटर कॉलेज के प्रबंधक राजेश मसीह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
युवा उत्सव में चित्रकला, कविता लेखन, लोकनृत्य समूह, लोकगीत समूह और नुक्कड़ नाटक सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चित्रकला प्रतियोगिता में रखा इंटर कॉलेज की अंजली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजपूताना इंटर कॉलेज के अभिनव और रखा इंटर कॉलेज की सुधा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि रखा इंटर कॉलेज की प्रिया ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कविता लेखन प्रतियोगिता में गायत्री ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ की नम्रता ने द्वितीय तथा पीडी कॉलेज की तान्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य समूह प्रतियोगिता में जीजीआईसी की टीम प्रथम रही। लोकगीत समूह में भी जीजीआईसी की टीम की मानसी, चंचल यादव, राधा यादव, सोनम, नित्या, संध्या और अदीबा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में जीजीआईसी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रखा बालिका इंटर कॉलेज की संजना, पल्लवी, दिव्यांशी, दिव्या, अनुराधा, रिमा राठौर, रिमा कुशवाहा और प्रतिज्ञा की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में दिव्या सिंह, मंजू, ऋतु सक्सेना, गुलशन जहां एवं अनीता सिंह (प्रवक्ता) शामिल रहीं। कार्यक्रम का समापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिभागियों को उपहार वितरित कर किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी अनुराग, प्रभारी युवा कल्याण अधिकारी पुष्पेन्द्र यादव, युवा कल्याण अधिकारी शुभम सिंह, जीतू सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



