फर्रुखाबाद। जहानगंज जाते समय ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन उसे उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. दीपक तिवारी ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, जहानगंज थाना क्षेत्र के आलूपुर गांव निवासी प्रशांत पुत्र स्वदेश मंगलवार को साइकिल से जहानगंज जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रशांत सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।

घायल की मां पार्वती के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन उसे तत्काल कादरीगेट स्थित लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी हालत और चोटों का परीक्षण कर अस्पताल में भर्ती कर लिया। फिलहाल किशोर का उपचार जारी है।