फर्रुखाबाद। शहर के बढ़पुर स्थित सीएनआई चर्च ग्राउंड में डायसिस ऑफ आगरा, चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (सीएनआई) के अंतर्गत फर्रुखाबाद सीएनआई चर्चेज के 17वें संयुक्त वार्षिक आत्मिक कन्वेंशन का शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन का विषय ‘अंत समय की तैयारी के लिए मसीह में बढ़ना’ रखा गया है। कन्वेंशन में बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में देहरादून से आए मुख्य वक्ता रेव्ह. डॉ. आशीष खंडेलवाल ने पवित्र बाइबिल के वचनों के माध्यम से उपस्थित लोगों को आत्मिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मसीही जीवन में विश्वास बनाए रखना और निरंतर आत्मिक उन्नति करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अंत समय की तैयारी के लिए मसीह के प्रति समर्पण, विश्वास और आध्यात्मिक जीवन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

इस दौरान क्राइस्ट चर्च बरेली से आई टीम ने आत्मिक गीतों और भजनों की प्रस्तुति दी। गीतों के माध्यम से प्रभु के संदेश और मसीही विश्वास की भावना को प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुतियों के दौरान चर्च परिसर में मौजूद लोगों ने भक्ति और श्रद्धा के साथ सहभागिता की।

तीन दिवसीय कन्वेंशन के माध्यम से मसीही समाज के लोगों को आत्मिक जीवन में आगे बढ़ने, बाइबिल की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने और विश्वास को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।