पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने तीन अपराधियों को मार गिराया। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, मुठभेड़ सुबह करीब 4:30 बजे हुई और लगभग 20 मिनट तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही।
एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर करीब 24 राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से 18 राउंड गोलियां चलाई गईं। इस दौरान पुलिस टीम के एक एसएचओ भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद घटनास्थल पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मारे गए अपराधियों के परिजन मौके पर पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे। इस दौरान तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ दिया। घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले की जांच की जा रही है और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।



