नई दिल्ली: धनतेरस (Dhanteras) के मौके पर शुक्रवार शाम Delhi-NCR में भीषण ट्रैफिक जाम (Massive traffic jams) देखने को मिला। दिवाली की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ के चलते राजधानी की सड़कें वाहनों से पट गईं। कई प्रमुख मार्गों पर किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। सड़कों पर वाहनों की लाल टेल-लाइट्स का लंबा सिलसिला नजर आया। त्योहार की रौनक के बीच ट्रैफिक व्यवस्था पर भी भारी दबाव देखने को मिला।

धनतेरस की खरीदारी के कारण दिल्ली के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक इलाकों में भारी भीड़ रही। कनॉट प्लेस, चांदनी चौक, करोल बाग, लाजपत नगर, सरोजिनी नगर, साउथ एक्सटेंशन, आनंद विहार, खिचड़ीपुर और गाजीपुर हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

इसके अलावा रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, आईटीओ, डीएनडी फ्लाईवे और दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर भी यातायात की रफ्तार बेहद धीमी रही। कई जगह वाहन रेंगते नजर आए। जाम के चलते नौकरीपेशा लोगों और खरीदारी के लिए निकले परिवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

धनतेरस को दिवाली उत्सव की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इस दिन सोना, चांदी, आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, वाहन और घरेलू सामान खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि धनतेरस पर नई वस्तुओं की खरीदारी से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। यही वजह है कि बाजारों और शॉपिंग सेंटरों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ती है।

धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि, भगवान गणेश, मां लक्ष्मी और कुबेर की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद और चिकित्सा का देवता माना जाता है। वहीं, मां लक्ष्मी धन और समृद्धि की प्रतीक हैं। इस दिन घरों और दुकानों में विशेष पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।