- 22 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी व्यवस्थाओं के बीच हुआ आयोजन

- पहली पाली में 73.42 और दूसरी पाली में 74.57 प्रतिशत रही उपस्थिति

- 4,519 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

फर्रुखाबाद। जनपद में उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (यूपी पीईटी)-2026 रविवार को दोनों पालियों में शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो गई। जिले में परीक्षा के लिए कुल 22 केंद्र बनाए गए थे। दोनों पालियों में कुल 12,857 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।

जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि प्रथम पाली में कुल 8,688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6,378 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,310 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार पहली पाली में 73.42 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

वहीं दूसरी पाली में भी 8,688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6,479 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया और 2,209 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति का प्रतिशत 74.57 रहा।

परीक्षा के आंकड़ों के अनुसार पहली पाली की तुलना में दूसरी पाली में 101 अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 17,376 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिनमें से 12,857 परीक्षा में शामिल हुए और 4,519 अनुपस्थित रहे।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति, परीक्षा संचालन और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में परीक्षा के सफल आयोजन पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने संबंधित अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा में लगे सभी कर्मचारियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।