फर्रुखाबाद

कायमगंज थाना क्षेत्र के कुबेरपुर गांव में शुक्रवार रात रेडीमेड कपड़ों की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के गोदाम में रखे तैयार कपड़ों और मशीनों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल की टीमों ने ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार कायमगंज के मोहल्ला बजरिया बागराज निवासी मोहम्मद हाशिम पुत्र सज्जाद हुसैन कपड़ों का कारोबार करते हैं। कुबेरपुर गांव में उनकी जोया कलेक्शन के नाम से रेडीमेड कपड़ों की फैक्ट्री संचालित है। यहां 25 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। फैक्ट्री में लोअर, टी-शर्ट, कुर्ती सहित विभिन्न प्रकार के कपड़े तैयार किए जाते हैं।

शुक्रवार को जुमा होने के कारण फैक्ट्री में काम बंद था और गोदाम में ताला लगा हुआ था। रात करीब आठ बजे फैक्ट्री के पास रहने वाले फैजान ने मालिक मोहम्मद हाशिम को फोन कर गोदाम में आग लगने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और गोदाम का गेट खोला तो अंदर से आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं। आग की भयावह स्थिति देखकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने अपने स्तर से समरसेबल और पंप चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद अग्निशमन अधिकारी प्रांशु अवस्थी के नेतृत्व में दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए पड़ोसी जनपद एटा के अलीगंज फायर स्टेशन से भी दमकल वाहन बुलाया गया।

दोनों दमकल टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक गोदाम में रखी दर्जनभर से अधिक सिलाई मशीनें, इंटरलॉकिंग मशीनें और बड़ी मात्रा में तैयार कपड़े जलकर नष्ट हो चुके थे।

फैक्ट्री मालिक मोहम्मद हाशिम के मुताबिक आग की घटना में करीब 22 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अचानक हुए इस हादसे से उनका कारोबार भी प्रभावित हुआ है। वहीं क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।