फर्रुखाबाद, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका रही। उनके दृढ़ संकल्प, साहस और कुशल नेतृत्व ने देश की एकता एवं अखंडता को मजबूती प्रदान की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाते हुए सभी को आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली। सभी ने देश की एकता की रक्षा करने, नागरिकों के बीच आपसी सद्भाव बढ़ाने और राष्ट्रीय सुरक्षा में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

