कमालगंज संवाददाता।

खुदागंज-श्रृंगीरामपुर मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की बाइक सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9 बजे युवक बाइक से खुदागंज की ओर से श्रृंगीरामपुर की ओर जा रहा था। रामपुर मांझगांव के जूनियर स्कूल के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई।

हादसा देर रात का होने के कारण काफी देर तक किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। काफी समय बाद वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर पड़ी, जिन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर थानाध्यक्ष दीपक त्रिवेदी और चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। बाइक पर कन्नौज जिले का नंबर होने से जांच में बाइक मालिक का नाम संजू पुत्र आत्माराम, निवासी सुरसी, जिला कन्नौज सामने आया था। देर रात तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, जिसके बाद पुलिस ने शव को फर्रुखाबाद की मोर्चरी में रखवा दिया था।

बाद में मृतक की पहचान सनोज निवासी सुरसी प्रतापपुर, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मृतक सनोज, दौलतपुर गांव के निवासी रामचंद्र पुत्र मकरंद के दामाद थे। वह अपनी ससुराल दौलतपुर आ रहा था तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।

पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और शव का पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।