उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शनिवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिले के मेहंदीगंज गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस चालक समेत 22 लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, बस में सवार सभी श्रद्धालु पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। वे मथुरा और वृंदावन में भगवान के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मेहंदीगंज गांव के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकलवाया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

हादसे के बाद सड़क पर यातायात भी प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारु कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।