सीतापुर: सीतापुर (Sitapur) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक (truck) ने मुंडन संस्कार से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली (tractor-trolley) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने और उसके नीचे दबने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

बता दें कि जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिहानी मार्ग पर शुक्रवार को बरगांवा गांव के निवासी हरिनाम के बेटे ‘अभी’ का मुंडन संस्कार हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र में स्थित रायपुर गांव के एक धार्मिक स्थल पर आयोजित था. मुंडन का कार्यक्रम सकुशल संपन्न होने के बाद, परिवार के सदस्य और उनके रिश्तेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर वापस अपने गांव बरगांवा लौट रहे थे। इसी दौरान पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट के पास हिम्मतनगर गांव के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी और खुद भी राहत कार्य में जुट गए। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे घायलों और शवों को बाहर निकाला।

सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी पिसावां स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महोली भिजवाया गया। महोली सीएचसी के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान काजल (10 वर्ष), सुशीला (50 वर्ष), रूबी (22 वर्ष), सुनीता (40 वर्ष) और एक अन्य अज्ञात महिला के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल अन्य 17 लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।