संभल: यूपी के संभल (Sambhal) में जुनावई थाना क्षेत्र के रघुपुर पुख्ता और सांकरा घाट के बीच शुक्रवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, जुनावई थाना क्षेत्र के गांव मेंदावली का रहने वाला महेंद्र (21) अपनी बाइक से जा रहा था. उसके साथ बाइक पर उसका भतीजा गुड्डू भी सवार था। रघुपुर पुख्ता और सांकरा घाट के बीच सामने से आ रही एक दूसरी तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महेंद्र (21) और दूसरी बाइक पर सवार युवक दुर्वेश कुमार (20) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक दुर्वेश कुमार अलीगढ़ जिले के थाना मूकिमपुर पाली क्षेत्र के गांव केरन नगला (रायपुर खास) का निवासी था।

इस दुर्घटना में महेंद्र का भतीजा गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल गुड्डू को नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।