- शहर से गांव तक निर्बाध बिजली देने की तैयारी, प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा

लखनऊ।दीपावली, धनतेरस से लेकर छठ पूजा तक उत्तर प्रदेश में बिजली कटौती नहीं होगी। शासन ने शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर त्योहारों के दौरान बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल मरम्मत कराकर आपूर्ति बहाल की जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में मरम्मत दल हर समय तैयार रखे जाएं। अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन पर उपलब्ध रहने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बिजली व्यवस्था को लेकर ट्रांसफार्मर, फीडर और बिजली लोड की नियमित निगरानी तथा पेट्रोलिंग करने को कहा गया है। ढीले तारों और झुके हुए बिजली के खंभों को तत्काल ठीक कराया जाएगा। घरों की छतों के पास से गुजर रहे बिजली के तारों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख सचिव ने मेला स्थलों और सार्वजनिक आयोजनों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को भी निर्धारित समय सीमा में हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विद्युत वितरण कंपनियों से लेकर जिला स्तर तक नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। बिजली हेल्पलाइन 1912 की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों पर समय से कार्रवाई हो सके।

शासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आम लोगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं की आशंका को भी कम करना है।

यूथ इंडिया — सच की दहकती आग