- घर से राइफल-पोनिया समेत 778 कारतूस बरामद
- हरियाणा में पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद बदायूं पुलिस और एसओजी की संयुक्त छापेमारी
- समाप्त हो चुकी थी असलहों के लाइसेंस की वैधता
बदायूं। हरियाणा में करीब 25 हजार जिंदा कारतूसों के साथ पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद बदायूं में भी पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। हरियाणा एसटीएफ से मिली सूचना के आधार पर बदायूं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के लावेला चौक स्थित बाबी उर्फ अफीफुद्दीन के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक .315 बोर राइफल, एक 12 बोर पोनिया, 40 जिंदा कारतूस और 738 खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
बदायूं पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को हरियाणा एसटीएफ ने सूचना दी कि बदायूं की एक महिला समेत पांच लोगों को रोहतक-दिल्ली रोड स्थित रोहड़ टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से करीब 25 हजार जिंदा कारतूस और दो कार बरामद किए जाने की जानकारी दी गई थी।
इसके बाद बदायूं पुलिस सक्रिय हुई। सिविल लाइंस थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बाबी उर्फ अफीफुद्दीन पुत्र रईशुद्दीन के लावेला चौक स्थित आवास पर तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस के मुताबिक, घर से बरामद राइफल और पोनिया के लाइसेंस की वैधता समाप्त हो चुकी थी। दोनों का नवीनीकरण भी नहीं कराया गया था। तलाशी में 40 जिंदा कारतूस के अलावा 738 खोखा कारतूस मिले हैं।
हरियाणा में बड़ी संख्या में कारतूसों की बरामदगी और बदायूं में हुई छापेमारी के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। हालांकि, कारतूसों के स्रोत और किसी बड़े नेटवर्क से इनके संबंध को लेकर पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष जारी नहीं किया है।



