दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दलपतपुर ओवरब्रिज की घटना, बस में मची चीख-पुकार; पुलिस और दमकल टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला

मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित दलपतपुर ओवरब्रिज पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से बरेली जा रही 56 सीटर जनरथ एसी रोडवेज बस में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के तुरंत बाद बस में भीषण आग लग गई। चलती बस में आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। अचानक हुए धमाके से यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थिति बिगड़ती देख यात्रियों ने बाहर निकलने की कोशिश शुरू कर दी।

बस में आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मदद से बस में सवार सभी 40 से 45 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही देर में आग ने बस के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना पर क्षेत्रीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की वजह से बस का एक हिस्सा जलकर खाक हो गया।

हादसे के चलते दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य पूरा करने के बाद जाम खुलवाकर यातायात सुचारू कराया।

राहत की बात यह रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से उनके गंतव्य बरेली के लिए रवाना कर दिया गया।

मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडे भी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।