- जवाहर सिंह, पुत्र हरवीर और नाती की मौके पर मौत, हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बरेली-मथुरा हाईवे किया जाम

मथुरा। जनपद के राया थाना क्षेत्र के गांव गजू में बरेली-मथुरा हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित रफ्तार से दौड़ रही एक कार ने खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि जवाहर सिंह, उनके पुत्र हरवीर और नाती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों के मुताबिक, कार की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। तेज रफ्तार कार ने खेत में काम कर रहे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क से उतरकर खेत में करीब 300 मीटर तक जा पहुंची। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। हादसे में घायल कार चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत से गजू गांव में शोक का माहौल है। तेज रफ्तार और लापरवाही से हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।