- महिला और युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर, निकाय
- पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों का होगा मिलान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों को जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग विशेष महाभियान चलाने की तैयारी में है। इस अभियान के तहत निकाय, पंचायत और विधानसभा की मतदाता सूचियों का मिलान कराया जाएगा, ताकि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की जा सके, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। अभियान में महिला और युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के तहत सरकारी राशन की दुकानों पर पंजीकृत 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र लोगों को चिह्नित किया जाएगा। ऐसे लोगों से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। इसके माध्यम से नए मतदाताओं का पंजीकरण कराया जाएगा।
18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता बनाने के लिए स्कूल और कॉलेजों में मतदाता साक्षरता क्लब की मदद ली जाएगी। युवाओं को मतदान के अधिकार और पंजीकरण प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाएगा।
महाभियान को प्रभावी बनाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, एएनएम और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी समूह सखियों का सहयोग भी लिया जाएगा। इनके माध्यम से पात्र महिलाओं और अन्य छूटे हुए मतदाताओं की पहचान कराई जाएगी।
निर्वाचन विभाग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार प्रदेश की मतदाता सूची में कुल 13.46 करोड़ नाम दर्ज हैं। इनमें 7.34 करोड़ पुरुष और 6.11 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। इसके लिए जिलों में अभियान की निगरानी और पंजीकरण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।




