सदर विधायक की पत्नी अनीता द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, संजीव बाथम ने सहयोगियों का जताया आभार

फर्रुखाबाद, 27 अक्टूबर। युवा जन कल्याण विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित डांडिया गरबा उत्सव सीजन-7 बीएस गार्डन, रोडवेज बस स्टैंड के सामने हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। उत्सव में महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने डांडिया की धुन पर जमकर नृत्य किया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और भारतीय संस्कृति की मनोहारी छटा देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक की पत्नी श्रीमती अनीता द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं के साथ डांडिया और गरबा नृत्य में सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और बढ़ गया। संगीत की मधुर धुनों पर प्रतिभागियों ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

आयोजन में सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला। समिति का उद्देश्य महिलाओं और परिवारों को मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति तथा पारंपरिक लोकनृत्यों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।

समिति के सचिव मूलचंद्र बाथम और आयोजक संजीव बाथम ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी अतिथियों, सहयोगियों, प्रायोजकों, प्रतिभागियों, महिलाओं, युवाओं तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजक संजीव बाथम ने कहा कि डांडिया गरबा उत्सव सीजन-7 की सफलता सभी के प्रेम, सहयोग और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। आयोजन की व्यवस्थाओं में समन्वयक अनुराग कन्नौजिया ने सहयोग किया।

कार्यक्रम के अंत में संजीव बाथम ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि लोगों का स्नेह और सहयोग ही समिति की सबसे बड़ी ताकत है।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, सचिन दुबे, सचिन सिंह, अजीत वर्मा, क्षितिज मोहन कटियार, सनी गुप्ता, कन्हैया लाल जैन, हिंदू महासभा के सौरभ मिश्रा, ऋषभ राजपूत, मोंटी गुप्ता, शिवम मिश्रा, योगेश कुमार, आशीष श्रीवास्तव, रवि गुप्ता, प्रदीप बाथम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।