फर्रुखाबाद। धनतेरस पर शुक्रवार को जिले के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से देर रात तक सराफा बाजार, बर्तन की दुकानें, वाहन शोरूम और मोबाइल प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने परंपरा के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, बर्तन, मोबाइल और नए वाहन खरीदकर त्योहार की खुशियां मनाईं। व्यापारियों के अनुमान के मुताबिक जिले में 80 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। खरीदारी के उत्साह से कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।

सराफा बाजार में 25 करोड़ से अधिक का कारोबार

नेहरू रोड, सेठ गली, चूड़ी वाली गली, फतेहगढ़, कानपुर रोड और कचहरी रोड स्थित सराफा दुकानों पर देर रात तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। लोगों ने चांदी के सिक्कों के साथ पायल, अंगूठी, टॉप्स और चेन जैसे आभूषण खरीदे। दीपावली पूजन के लिए चांदी के गणेश-लक्ष्मी की भी मांग रही। सराफा कारोबारी शिवांग ने बताया कि इस बार चांदी के सिक्कों और हल्के वजन के सोने के आभूषणों की मांग अधिक रही। उनके मुताबिक धनतेरस पर जिले में सराफा बाजार का कारोबार 25 करोड़ रुपये से अधिक रहा।

बर्तन बाजार में भी खूब हुई खरीदारी

लोहाई रोड, चौक, बूरा वाली गली, ठंडी सड़क, नितगंजा, भोलेपुर और नेहरू रोड स्थित बर्तनों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। संपन्न परिवारों ने डिनर सेट, डोगा और आटा रखने की डेग खरीदी, जबकि मध्यमवर्गीय परिवारों ने चम्मच सेट, लोटा, दूध की बाल्टी और स्टील के टिफिन पसंद किए। दुकानदार सोनू पाल ने बताया कि इस बार पीतल के साथ स्टील और क्रॉकरी के बर्तनों की मांग भी अच्छी रही। लोगों ने अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी की।

850 बाइक-स्कूटी बिकीं, 22 कारों की हुई डिलीवरी

धनतेरस पर वाहन बाजार में भी खूब रौनक रही। बढ़पुर, आवास विकास तिराहा और नेकपुर स्थित शोरूम पर पहले से बुकिंग कराने वाले ग्राहक शुभ मुहूर्त में वाहन लेने पहुंचे। शोरूम संचालकों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नए वाहनों को सड़क तक सजाकर रखा था। जानकारी के मुताबिक जिले में करीब 850 बाइक और स्कूटी की बिक्री हुई। इनमें हीरो की लगभग 400 बाइक और टीवीएस की करीब 300 बाइक शामिल रहीं। इसके अलावा करीब 150 स्कूटी भी बिकीं। वहीं धनतेरस पर जिले में 22 कारों की डिलीवरी भी हुई। नई गाड़ियां घर ले जाने को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

मोबाइल बाजार में भी रही रौनक

धनतेरस पर मोबाइल की दुकानों और बड़े शोरूम में भी अच्छी खरीदारी हुई। ग्राहकों ने कीपैड मोबाइल से लेकर महंगे स्मार्टफोन और आईफोन तक खरीदे। कई शोरूम में बैंक कर्मचारियों ने ग्राहकों को फाइनेंस और ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई। मोबाइल कारोबारियों के मुताबिक त्योहार के चलते बिक्री में तेजी रही।

धनतेरस पर जिले के बाजारों में उमड़ी भीड़ और करोड़ों रुपये की खरीदारी ने व्यापारियों को उत्साहित किया। सराफा, बर्तन, वाहन और मोबाइल कारोबार में आई तेजी से बाजारों में पूरे दिन त्योहार की रौनक बनी रही।