धारा-24 के मामलों में वीडियोग्राफी के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद। तहसील अमृतपुर के सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय जांच करें और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने वाली प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व विभाग के धारा-24 से संबंधित मामलों में निर्देश दिए कि पैमाइश एवं सीमांकन की कार्रवाई के दौरान तहसील स्तर के क्षेत्रीय अधिकारी अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराएं। इससे कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहेगी और विवादित भूमि की वास्तविक स्थिति का स्पष्ट अभिलेखीकरण हो सकेगा।

डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि राजस्व संबंधी मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में निस्तारित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।

उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, उप जिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर राजेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।