शमशाबाद। क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में अलग-अलग बीमारियों से पीड़ित कुल 97 मरीज पहुंचे। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें चिकित्सीय परामर्श दिया तथा आवश्यक दवाइयां वितरित कीं। मेले में गरीब, मजदूर और किसानों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला योजना के तहत जनपद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रत्येक रविवार को स्वास्थ्य मेले लगाए जाते हैं। इनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क जांच, परामर्श और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए उन्हें दूर स्थित अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजबाग में चिकित्सक डॉ. अमित कुमार की उपस्थिति में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। यहां कुल 55 मरीज पहुंचे। स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी मरीजों की जांच कर उनकी बीमारी के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराईं। डॉ. अमित कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण लोग खांसी, जुकाम, बुखार, सिरदर्द और दमा जैसी समस्याओं से पीड़ित हो रहे हैं। उन्होंने लोगों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।
फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत ने बताया कि मरीजों को चिकित्सीय परामर्श के अनुसार दवाइयां दी गईं। एलटी अलका ने 11 मरीजों की ब्लड शुगर की जांच की। कार्यक्रम के संचालन में वार्ड ब्वाय राजेश कुमार ने सहयोग किया।
वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसियापुर में फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार की उपस्थिति में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। यहां संक्रामक और अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां दी गईं। एलटी नेहा मरहूस ने मरीजों की शुगर, ब्लड प्रेशर, मलेरिया, टायफाइड और डेंगू संबंधी जांच की। जांच के दौरान शुगर के पांच, बीपी के चार, मलेरिया के दो और टायफाइड के दो मरीजों की जांच की गई। इसके अलावा डेंगू सहित अन्य बीमारियों से संबंधित जांच भी की गई।
शिविर में मौजूद एएनएम प्रियंका ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारियां दीं। उन्होंने महिलाओं को परिवार नियोजन के उपायों के प्रति जागरूक करते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।




