कमालगंज संवाददाता। कमालगंज थाना क्षेत्र के चौसपुर गांव में मामूली से जमीन विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। खेत की मेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में घायल हुए राजेंद्र सिंह की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।परिजनों ने परिवार के ही लोगों पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव

जानकारी के अनुसार राजेंद्र सिंह के गांव में चार बीघा खेत है। मेड़ को लेकर परिवार के ही लोगों से उनका अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि 1 नवंबर को मेड़ काटने को लेकर फिर झगड़ा हुआ, जो मारपीट में बदल गया। इस मारपीट में राजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

बेटे राजेश और विजय ने उन्हें निजी तौर पर इलाज कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। गुरुवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें फतेहगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी मुन्नू देवी का आरोप है कि 1 नवंबर को हुई मारपीट के दौरान उनके पति का गला दबाया गया था, जिसके बाद उनकी आवाज चली गई थी। वहीं बेटे राजेश के मुताबिक पिता की छाती में गंभीर चोट आई थी, जो मौत का कारण बनी। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए परिवार के ही लोगों पर आरोप लगाया है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष कमालगंज दीपक त्रिवेदी ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।