नवाबगंज, फर्रुखाबाद।

थाना नवाबगंज क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर स्कूटी सवार बिल्डिंग मटेरियल व्यापारी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर लौट रहे व्यापारी की स्कूटी में ट्रैक्टर से टक्कर मारकर उसे गिरा दिया गया। इसके बाद दो युवकों ने व्यापारी के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घटना में स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। व्यापारी ने तीन आरोपियों के खिलाफ 50 हजार रुपये नकदी और सोने की चेन लूटने की तहरीर दी है।

थाना क्षेत्र के गांव बीसलपुर बांगर निवासी कुलदीप कुमार करनपुर में बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार करते हैं। गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह दुकान बंद कर स्कूटी से अपने घर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बीसलपुर बांगर निवासी तीन युवक ट्रैक्टर लेकर पहुंच गए। उन्होंने व्यापारी की स्कूटी में सामने से टक्कर मार दी, जिससे कुलदीप सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

आरोप है कि इसके बाद भी ट्रैक्टर सवार युवकों ने दोबारा ट्रैक्टर से हमला किया, जिससे व्यापारी की स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद दो युवक ट्रैक्टर से उतरकर व्यापारी के साथ मारपीट करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त स्कूटी को थाने ले गई।

घायल व्यापारी गुरुवार रात करीब आठ बजे थाने पहुंचा और बीसलपुर बांगर निवासी तीन आरोपियों के खिलाफ 50 हजार रुपये नकदी और सोने की चेन लूटने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।

नकदी और चेन लूटने की घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध

थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की है और उसकी स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त किया है। प्रथम दृष्टया नकदी और सोने की चेन लूटने की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।