कायमगंज/फर्रुखाबाद: साहसी बालिका संस्था कायमगंज की ओर से खुशबू मिश्रा एवं शिल्की मिश्रा के नेतृत्व में मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम सिरोली स्थित वृद्धाश्रम में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्ग पुरुषों एवं महिलाओं के बीच पहुंचकर उनके साथ खुशियां साझा कीं और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों को गर्म शॉल, कैप, खील, खिलौने, मिठाई, फल, मोमबत्ती, माचिस सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही सभी ने मिलकर झुझुरिया एवं अनार जैसे आतिशबाजी के सामान चलाकर दीपावली का उत्सव मनाया। बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान लाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मैनेजर श्री धर्मेंद्र शाह, जिला पंचायत प्रतिनिधि श्री मनोज मिश्रा, अंकुर गुप्ता, छविराम एवं बबलू यादव मौजूद रहे।
वहीं संस्था की ओर से अंकुर मिश्रा, चिराग, संजना, दिव्या, गरिमा, अंजू, चांदनी, किरन, कनक, शीतल, नेहा, कुमकुम, अनुष्का सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संस्था के इस प्रयास से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को त्योहार के अवसर पर अपनापन और खुशियों का एहसास हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के साथ त्योहार मनाकर उनके जीवन में खुशियां बांटना और समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवीय संवेदनाओं का संदेश देना रहा।





