शमशाबाद, फर्रुखाबाद। पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। उधारी के रुपये मांगने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज करने और विरोध करने पर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित की तहरीर पर शमशाबाद थाना पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर निवासी जाफरी ने शमशाबाद थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उधारी के रुपये का तकादा करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर मारपीट की।
पीड़ित ने राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अलीगढ़ निवासी लइक, जीशान, औसाफ, असद, मसद तथा कायमगंज कोतवाली क्षेत्र निवासी सूऊद सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में शमशाबाद थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।


