मिठाई की दुकानों पर खाद्य पदार्थों की वैधता तिथि जांची, ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी की पड़ताल; दीपावली और छठ पूजा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
फर्रुखाबाद। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में उमड़ रही भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। धनतेरस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह खुद सड़क पर उतरीं। दोनों अधिकारियों ने लाल गेट से चौक तक पैदल भ्रमण कर बाजारों की सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सजावट का जायजा लिया। अधिकारियों के इस संयुक्त निरीक्षण से बाजारों में प्रशासनिक सक्रियता दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस बल ने बाजार क्षेत्र में मार्च पास्ट कर सुरक्षा का संदेश दिया। डीएम और एसपी ने व्यापारियों तथा आम नागरिकों से संवाद कर त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने बाजार स्थित मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और पैकेट एवं डिब्बों पर अंकित वैधता तिथि की जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान मिलावटी और खराब गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाए। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी के लिए बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए डीएम ने ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और कार्यशीलता का जायजा लिया। दुकानदारों से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए बाजारों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। कहीं भी कूड़े के ढेर और जलभराव की स्थिति नहीं रहनी चाहिए। प्रमुख बाजारों में आकर्षक सजावट और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे। लगातार गश्त और निगरानी की जाए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए तथा यातायात व्यवस्था ऐसी रहे कि प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
डीएम और एसपी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आमजन को सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के मामले में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
प्रशासन का प्रयास है कि जनपदवासी दीपावली और छठ पूजा का पर्व सुरक्षित, स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मना सकें।



