फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने अपनी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम महरूपुर रावी में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 22 लीटर अवैध कच्ची शराब और करीब 250 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अभियोग पंजीकृत किए गए।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में खलबली मची रही। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संदिग्ध गांव में दबिश देकर अवैध शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला लहन बरामद किया गया।
छापेमारी के साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने जनपद के विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मोहम्मदाबाद और बोहरिकपुर स्थित कंपोजिट शराब की दुकानों के साथ बोहरिकपुर और मोहम्मदाबाद की देशी मदिरा दुकानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का मिलान अभिलेखों में दर्ज स्टॉक से किया और संबंधित अनुज्ञापियों को सभी जरूरी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
आबकारी अधिकारियों ने दुकानदारों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी। साथ ही चेतावनी दी कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित दुकान संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



