फर्रुखाबाद। आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर तहसील प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में तहसील प्रशासन की ओर से कोटेदारों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी श्वेता साहू और तहसीलदार अभिषेक सिंह ने की। इसमें आगामी जनगणना की प्रक्रिया, स्व-गणना और आम नागरिकों की सहभागिता को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में अधिकारियों ने कोटेदारों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में राशन लेने आने वाले लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक करें। लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकें।
अधिकारियों ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या और अन्य आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाती हैं। इसके आधार पर भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने में सहायता मिलती है। इसलिए इस कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
बैठक के दौरान कोटेदारों को यह भी बताया गया कि जनगणना के दौरान नियुक्त प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। क्षेत्र में प्रगणकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लोगों को पहले से जागरूक किया जाए और जनगणना संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
उपजिलाधिकारी श्वेता साहू और तहसीलदार अभिषेक सिंह ने कहा कि कोटेदारों का आम जनता से सीधा संपर्क रहता है। ऐसे में जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। सभी कोटेदार अपनी जिम्मेदारी समझते हुए प्रशासन का सहयोग करें, जिससे जनगणना का कार्य व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
बैठक में स्व-गणना की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी दी गई और कोटेदारों से कहा गया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की शंकाओं का समाधान कराने में प्रशासन का सहयोग करें। तहसील प्रशासन ने जनगणना की तैयारियों को लेकर सभी संबंधित लोगों से गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।




