गाली-गलौज का विरोध करने पर लात-घूंसों से पीटा, पीड़ितों ने थाने में दी तहरीर

नवाबगंज थाना क्षेत्र में खेत के किनारे स्कूटी खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि खेत मालिक ने गाली-गलौज का विरोध करने पर पिता-पुत्र के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित पिता-पुत्र ने मंगलवार दोपहर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव बराकेशव निवासी रामकिशोर पुत्र सोनेलाल दुबे सोमवार दोपहर अपने खेत में दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान उनका दिव्यांग पुत्र पवन कुमार स्कूटी से किसी काम के सिलसिले में पिता के पास पहुंचा। उसने अपनी स्कूटी खेत के किनारे खड़ी कर दी।

आरोप है कि इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने शरारत करते हुए पवन की स्कूटी पड़ोसी के खेत में खड़ी कर दी। कुछ देर बाद पड़ोसी मौके पर पहुंचा और अपने खेत में स्कूटी खड़ी देखकर गाली-गलौज करने लगा। रामकिशोर ने गाली-गलौज का विरोध करते हुए स्कूटी हटाने की बात कही।

इसी बात से नाराज होकर पड़ोसी युवक ने पिता-पुत्र के साथ लात-घूंसों से मारपीट कर दी। घटना के बाद दोनों पीड़ित मंगलवार दोपहर थाना नवाबगंज पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।

थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।