अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा (Amroha) में तेज रफ्तार Thar ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल (injured) हैं। घटना मंगलवार (3 नवंबर) रात करीब 9:30 बजे नौगावां सादात थाना क्षेत्र में हुई। यह जगह जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय थार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार हवा में उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, थार बिजनौर मार्ग पर तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान उसने पहले एक बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद दो अन्य बाइकों को भी रौंद दिया। पहली बाइक पर प्रशांत और राजीव सवार थे, दूसरी बाइक पर दो युवक और तीसरी बाइक पर एक युवक बैठा था। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतकों की पहचान अमरोहा निवासी प्रशांत (21) और राजीव (22) के रूप में हुई है, दोनों चचेरे भाई थे। प्रशांत, राजीव के ताऊ का बेटा था। प्रशांत का परिवार डाक बंगला पीरगढ़ मोहल्ले में रहता है, जबकि राजीव का परिवार जय ओम नगर में रहता है। मंगलवार को दोनों एक बाइक से नौगावां सादात गए थे। लौटते समय हादसे का शिकार हो गए, तीन घायलों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों ने प्रशांत और राजीव को मृत घोषित कर दिया, जब पुलिस शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने लगी तो परिजनों ने विरोध किया। उन्होंने थार चालक की गिरफ्तारी की मांग की। करीब दो घंटे तक शव नहीं उठने दिए। बाद में पुलिस ने समझाकर परिजनों को शांत कराया।
हादसे में थार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने थार को कब्जे में ले लिया है। नंबर प्लेट से पता चला है कि गाड़ी संभल जिले के असमोली की है। कार सवार मौके से फरार हो गए थे। पुलिस यह पता लगा रही है कि कार में कितने लोग थे और वे कहां के रहने वाले हैं। फरार लोगों की तलाश की जा रही है।




