- मैनपुरी के बेवर से असलहे लाकर जिले में करता था सप्लाई, एक साल पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
कन्नौज। जिले में अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी, सर्विलांस और सदर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक असलहा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 10 अवैध तमंचे और एक कंट्री मेड पिस्टल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान तालग्राम थाना क्षेत्र के आसफपुर पट्टी निवासी सचिन के रूप में हुई है। आरोपी मैनपुरी जनपद के बेवर से अवैध असलहे लाकर कन्नौज जिले में सप्लाई करता था।
संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी को अहमदपुर रौनी रोड तिराहे से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि सचिन करीब एक साल पहले भी अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार हो चुका है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी से असलहे कौन-कौन लोग मंगवाते थे और इस अवैध कारोबार के पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। आगामी चुनाव में इन असलहों के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए भी पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध असलहा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।




