दो लाख रुपये नकद समेत सोने-चांदी के आभूषण ले जाने का आरोप, पति ने थाने में दी तहरीर
नवाबगंज थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी पर मायके वालों को बुलाकर घर से जेवर, नकदी और बाइक ले जाने का आरोप लगा है। पीड़ित पति ने दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और घर में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल ले जाने की शिकायत पुलिस से की है। मंगलवार दोपहर पीड़ित ने थाने पहुंचकर ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव जसमापुर निवासी रिंकू पुत्र हेतराम सिंह का 31 अक्टूबर 2026 की रात किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसके बाद पत्नी ने घटना की जानकारी अपने मायके वालों को दी।
सूचना पर सोमवार शाम करीब छह बजे पत्नी की मां, भाई, भाभी और बहनोई उसके घर पहुंचे। रिंकू का आरोप है कि पति की गैरमौजूदगी में पत्नी ने मायके वालों के साथ मिलकर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोटरसाइकिल अपने साथ ले गई।
पीड़ित के मुताबिक, घर से दो सोने की चेन, तीन अंगूठियां, एक जोड़ी सोने के झाले, सोने का बेदा, एक पेंडल, मंगलसूत्र, पायल, करधनी, घर में खड़ी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये नकद ले जाने का आरोप है।
मंगलवार दोपहर बाद पीड़ित ने थाना नवाबगंज पहुंचकर अपने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

