- भवानी सिंह खंगारौत बने गन्ना आयुक्त, मिनिष्ती एस. को मिली सचिव वित्त की जिम्मेदारी

- शासन स्तर पर बदली प्रशासनिक जिम्मेदारियां

लखनऊ।उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बार फिर फेरबदल किया गया है। प्रदेश सरकार ने शासन स्तर पर दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शुक्रवार को हुए इस प्रशासनिक फेरबदल में आईएएस भवानी सिंह खंगारौत को गन्ना आयुक्त बनाया गया है, जबकि आईएएस मिनिष्ती एस. को सचिव वित्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस बदलाव के तहत दोनों अधिकारियों के बीच विभागीय जिम्मेदारियों की अदला-बदली हुई है। इससे पहले भवानी सिंह खंगारौत सचिव वित्त के पद पर तैनात थे, जबकि मिनिष्ती एस. गन्ना आयुक्त एवं उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम की प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

2010 बैच के आईएएस अधिकारी भवानी सिंह खंगारौत को अब आयुक्त गन्ना एवं उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास अब प्रदेश के गन्ना विभाग से जुड़े प्रशासनिक कार्यों और विभागीय व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी होगी।

गन्ना विभाग उत्तर प्रदेश के कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़ा हुआ है। प्रदेश में गन्ना किसानों के भुगतान, चीनी मिलों के संचालन, गन्ना आपूर्ति और पेराई सत्र से संबंधित व्यवस्थाओं में इस विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

वहीं, 2003 बैच की आईएएस अधिकारी मिनिष्ती एस. को सचिव वित्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह आयुक्त गन्ना एवं उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम की प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थीं।

नई तैनाती के बाद अब वह वित्त विभाग में सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगी। वित्त विभाग प्रदेश सरकार के बजट प्रबंधन, सरकारी खर्च, विभागीय वित्तीय प्रस्तावों और संसाधनों के नियोजन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में भूमिका निभाता है।