16 से 30 नवंबर तक होगी स्व-गणना, जनवरी में प्रगणकों के सहयोग की जिम्मेदारी निभाएंगे कोटेदार

अमृतपुर

आगामी जनगणना को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अमृतपुर तहसील में उपजिलाधिकारी महोदया, तहसीलदार एवं पूर्वनिरीक्षक पूर्ति निरीक्षक की मौजूदगी में तहसील क्षेत्र के समस्त उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के प्रति आम लोगों को जागरूक करने और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्य में सहयोग देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 1 जनवरी से 4 जनवरी तक प्रगणकों को सहयोग प्रदान करने के लिए कोटेदारों को निर्देशित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। इसलिए कोटेदार अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को जागरूक करें और जनगणना संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंचाएं।

इस दौरान जनगणना में पूछे जाने वाले सभी 40 प्रश्नों की सूची भी उपस्थित कोटेदारों को वितरित की गई, ताकि वे पहले से ही प्रश्नों की जानकारी प्राप्त कर सकें और लोगों को सही तरीके से जागरूक कर सकें।

बैठक में पूर्ति निरीक्षक अमृतपुर, जनगणना लिपिक, तकनीकी सहायक जनगणना सहित तहसील क्षेत्र के समस्त कोटेदार मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनगणना कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा कराने में सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की।