इटावा। ऊसराहार थाना क्षेत्र में शादी की जिद को लेकर युवक और युवती हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।
बताया गया कि युवक और युवती पिछले 2 से 3 वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और शादी करना चाहते थे। लेकिन परिजनों की रजामंदी नहीं मिलने से नाराज होकर दोनों हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गए।
घटना की जानकारी डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद थाना प्रभारी पुलिस बल और चौकी प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी देर तक युवक-युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया।
युवक-युवती के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।




