लखनऊ। राजधानी के गुडंबा थाना क्षेत्र में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के पास शनिवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां फास्ट फूड की दुकान पर मौजूद बीटेक के अंतिम वर्ष के छात्र पर सात युवकों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के साथ सुतली बम भी फेंके। इस हमले में छात्र को चार गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे इंटीग्रल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के सिवान जिले के सोनबरसा निवासी आयाज इमाम खान उर्फ अरबाज इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से बीटेक कंप्यूटर साइंस के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। छात्र के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:44 बजे वह यूनिवर्सिटी के पास स्थित सोनू फास्ट फूड की दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान सात युवक वहां पहुंचे और उसके साथ विवाद के बाद हमला कर दिया।
पीड़ित के आरोपों के मुताबिक, अभिषेक ठाकुर, राशिद जमाल, सोहैल, राहुल, नफीस, अब्दुल्लाह और दानिश ने उस पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने सुतली बम भी फेंके, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। गोलियां लगने से छात्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद आसपास मौजूद साथी छात्रों ने तत्परता दिखाते हुए घायल आयाज को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। छात्र को चार गोलियां लगने की जानकारी सामने आने के बाद घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी गाजीपुर अतुल कुमार पांडेय और गुडंबा इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। मौके से कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
एसीपी गाजीपुर अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


