- ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चिपियाना बुजुर्ग में स्थानीय निवासियों का जोरदार प्रदर्शन

- एसकेएस वर्ल्ड स्कूल रोड के पुनर्निर्माण की मांग

- किंगसन बिल्डटेक कार्यालय के बाहर भी जताया विरोध

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चिपियाना बुजुर्ग में बदहाल सड़कों को लेकर स्थानीय निवासियों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। एसकेएस वर्ल्ड स्कूल रोड और आसपास की सर्विस रोड की जर्जर हालत से परेशान कई आवासीय सोसायटियों के लोगों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दादरी विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने किंगसन बिल्डटेक के कार्यालय के बाहर भी पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। वाहनों के गुजरने से दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे लोगों को आवागमन के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को हो रही है।

ग्रीन रेजिडेंसी, किंग्सन ग्रीन विला सहित आसपास की कई आवासीय सोसायटियों के लगभग पांच हजार परिवार इस समस्या से प्रभावित बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब एक लाख लोगों का दैनिक आवागमन इस मार्ग से जुड़ा हुआ है। सड़क की बदहाली के कारण रोजाना लोगों को परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि सड़क का पुनर्निर्माण कराना अब जरूरी हो गया है। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। लोगों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि सड़क की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराकर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए।