- ‘जेल के ताले टूटेंगे, आजम खान छूटेंगे’ के नारों से सजे होर्डिंग्स
- मोदी मॉल से चाकू चौक और मंडी तक लगाए गए पोस्टर; जिले की सियासत में चर्चाएं तेज
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के समर्थन में रामपुर में लगाए गए पोस्टर और होर्डिंग्स ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगाए गए इन पोस्टरों में आजम खान के साथ हुई कथित कार्रवाई को लेकर नाराजगी जाहिर की गई है। साथ ही भविष्य में सरकार बनने पर एक-एक जुल्म का हिसाब लेने की चेतावनी भी दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, थाना शहजादनगर क्षेत्र के जीरो प्वाइंट स्थित मोदी मॉल के सामने, चाकू चौक और मंडी के पास ये होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इन पर बड़े अक्षरों में लिखा है, "आजम खान पर हुए एक-एक जुल्म का होगा हिसाब।" इसके अलावा पोस्टरों पर "जेल के ताले टूटेंगे, आजम खान छूटेंगे" जैसे राजनीतिक नारे भी लिखे गए हैं।
गौरतलब है कि आजम खान की जेल से रिहाई के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई और उन्हें दिल्ली ले जाने से जुड़े घटनाक्रम के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी की चर्चाएं सामने आई हैं। इसी पृष्ठभूमि में लगाए गए पोस्टरों को आजम खान के समर्थन में राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
पोस्टरों में सरकार बनने पर आजम खान के खिलाफ हुई कार्रवाई का हिसाब लेने की बात कही गई है। हालांकि, इन्हें किस व्यक्ति या संगठन की ओर से लगवाया गया है, इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल रामपुर में लगे इन पोस्टरों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले पर विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ सकती हैं।




