फर्रुखाबाद। दीपावली का त्योहार नजदीक है, लेकिन जहानगंज कस्बे में आतिशबाजी की फुटकर दुकानें लगाने के लिए अभी तक स्थान निर्धारित नहीं किया गया है। इस समस्या को लेकर गुरुवार को थोक आतिशबाजी विक्रेताओं ने गोविंद के नेतृत्व में फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर को शिकायती पत्र सौंपा और जल्द स्थान निर्धारित कराने की मांग की।

व्यापारियों ने बताया कि जहानगंज कस्बे के मीना बाजार मैदान में पिछले करीब 18 वर्षों से दीपावली पर आतिशबाजी की दुकानें लगती आ रही हैं। यहां हर साल 16 से 17 दुकानदार नियमानुसार लाइसेंस लेकर कारोबार करते थे। इस बार प्रशासन की ओर से अभी तक दुकानें लगाने के लिए कोई स्थान चिह्नित नहीं किया गया है। इससे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

व्यापारियों का कहना है कि कमालगंज में आतिशबाजी की दुकानें लगाई जा रही हैं, जबकि जहानगंज से उसकी दूरी करीब 13 किलोमीटर है। ऐसे में स्थानीय लोगों को पटाखे खरीदने के लिए कमालगंज जाना पड़ेगा। इससे त्योहार के समय लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ेगी। वहीं, स्थानीय दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित होगा।

व्यापारियों ने डीएम से मांग की कि जहानगंज में पूर्व की तरह आतिशबाजी की दुकानें लगाने के लिए सुरक्षित स्थान निर्धारित कराया जाए, ताकि लाइसेंसधारक दुकानदार नियमों के अनुसार अपना कारोबार कर सकें। इस पर जिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वे फायर ब्रिगेड कार्यालय पहुंचकर संपर्क करें। उनकी दुकानों के लिए स्थान निर्धारित कराने की व्यवस्था की जाएगी।

इस दौरान शेर सिंह, मोहित, राजन, दीपक, ऋषभ, पवन, विशाल, रामलखन, अंकुल, गुप्ता, विजय, सुमित कुमार और धीरज कुमार सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।