बोलीं- जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास की मजबूत आधारशिला है

फर्रुखाबाद। जनगणना देश के भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। इसकी सफलता प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। इसी को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जनपदवासियों से जनगणना में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार भविष्य की योजनाएं तैयार करती है और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित करती है।

उन्होंने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए प्रत्येक परिवार और प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। सभी लोग जनगणना के दौरान तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सही, सटीक और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे आंकड़ों की विश्वसनीयता बनी रहे।

डीएम ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना को केवल प्रशासनिक प्रक्रिया न समझें, बल्कि इसे राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर मानें। नागरिकों की जागरूकता और सहयोग से ही जनगणना का कार्य प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि सही जनगणना से ही विकास की सही तस्वीर सामने आती है। इसलिए सभी नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और प्रशासन का सहयोग कर जनगणना को सफल बनाने में योगदान दें।