क्रासर
लोहिया मेडिकल के बाहर झुका बिजली का खंभा बना खतरा, पास में बने मकान पर भी मंडरा रहा क्षतिग्रस्त होने का खतरा; लोगों ने बिजली विभाग से की तत्काल कार्रवाई की मांग
फर्रुखाबाद। शहर के आवास विकास क्षेत्र में लोहिया प्रतिमा के पास स्थित लोहिया मेडिकल के बाहर लगा बिजली का जर्जर पोल इन दिनों बड़े हादसे को दावत दे रहा है। पोल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वह अधिक वजन के कारण एक तरफ झुक गया है। इस पोल पर हाईटेंशन (एचटी) बिजली की लाइन भी बंधी हुई है, जिससे खतरा और अधिक बढ़ गया है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने ध्यान नहीं दिया तो कभी भी पोल गिर सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है।
बताया जाता है कि बिजली का यह पोल काफी समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ा है। पोल पर हाईटेंशन लाइन का भार होने के कारण वह लगातार झुकता जा रहा है। आसपास से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। मेडिकल पर आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के अलावा स्थानीय नागरिकों को भी इस जर्जर पोल के कारण खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर बात यह है कि बिजली के पोल के ठीक पास ही एक मकान बना हुआ है। यदि अचानक पोल गिर गया तो मकान को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है। इसके साथ ही हाईटेंशन लाइन टूटने से जान-माल के नुकसान की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर इस खतरे को नजरअंदाज किया जा रहा है।
क्षेत्रीय लोगों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण कराया जाए और क्षतिग्रस्त पोल को तत्काल हटवाकर उसके स्थान पर नया मजबूत पोल लगवाया जाए, ताकि किसी भी अनहोनी से पहले खतरे को समाप्त किया जा सके। अब देखना यह है कि बिजली विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है।




