- जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने खाद्य प्रतिष्ठानों को दिए सख्त निर्देश

- मिठाई कारोबारियों की बढ़ेगी निगरानी

- कारीगरों को मास्क, दस्ताने और टोपी पहनना जरूरी

फर्रुखाबाद। त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन में मिठाइयों की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। अब मिठाई के डिब्बों पर केवल मिठाई का नाम और कीमत लिखकर काम नहीं चलेगा, बल्कि उस पर उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करना भी अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। बैठक में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कराने को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाए। प्रवर्तन कार्यवाहियों में तेजी लाते हुए अधिक से अधिक नमूने एकत्र किए जाएं। प्रयोगशाला जांच में खाद्य पदार्थ असुरक्षित या निर्धारित मानकों के विपरीत मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

डीएम ने मिठाई विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि मिठाई के डिब्बों पर उपयोग की तिथि यानी यूज बाय डेट स्पष्ट रूप से अंकित होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान इसका सत्यापन किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदार का चालान किया जाएगा।

खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले कारीगरों और सहायकों के लिए मास्क, हाथों के दस्ताने, फुट कवर और सिर पर टोपी पहनना अनिवार्य किया गया है। मिठाई बनाने, रखने और पैकिंग करने वाले स्थानों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखनी होगी। खाद्य सामग्री को दूषित होने से बचाने की जिम्मेदारी प्रतिष्ठान संचालकों की होगी।

जिलाधिकारी ने सहायक आयुक्त खाद्य को निर्देश दिए कि असुरक्षित पाए जाने वाले मिष्ठान और खाद्य पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि कारोबारियों और आम नागरिकों को इसकी जानकारी मिल सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य अजीत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जिला स्तरीय समिति के सदस्य मौजूद रहे।