- अवैध खनन और जमीनों पर कब्जे के आरोपों से पुलिस महकमे में हड़कंप

- राजेश मसीह की जमीन पर रातोंरात कब्जा कराने के प्रयास

- विक्रांत राना को संरक्षण देने की भी चर्चा

- एसपी की कार्रवाई से थाने मे खलवली

फर्रुखाबाद। जनपद के जहानगंज थाने में आखिरकार पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई कर दी। थाना प्रभारी राकेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनके स्थान पर नए प्रभारी की तैनाती किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। थाना प्रभारी पर अवैध खनन से लेकर जमीनों पर कब्जे के प्रयासों तक के गंभीर आरोप चर्चा में रहे हैं।

मामले को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा राजेश मसीह की जमीन से जुड़े विवाद की हो रही है। आरोप है कि रात के अंधेरे में उनकी जमीन पर कब्जा कराने का प्रयास किया गया। इस पूरे प्रकरण में थाना पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। स्थानीय स्तर पर लगातार यह चर्चा थी कि जमीन संबंधी विवादों में पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के हवाले से यह भी आरोप सामने आए हैं कि झसी क्षेत्र में सांसद के राजनीतिक विरोधी बताए जाने वाले विक्रांत राना को थाना प्रभारी का संरक्षण प्राप्त था।

जहानगंज क्षेत्र में अवैध खनन और जमीनों पर कब्जे के प्रयासों को लेकर भी थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जाते रहे। आरोपों के बीच पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किए जाने के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी कराई जाएगी और जमीन विवाद में कथित भूमिका निभाने वाले अन्य लोगों की जवाबदेही भी तय होगी?

कार्रवाई के बाद थाने की नई व्यवस्था को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।

फिलहाल राकेश सिंह को लाइन हाजिर करने की कार्रवाई ने जहानगंज थाने की कार्यप्रणाली को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब निगाहें पुलिस अधीक्षक की अगली कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच पर टिकी हैं।