- दिल्ली में हाईकमान की प्रदेश नेताओं के साथ अहम बैठक
- संगठन मजबूत करने और एकजुट होकर चुनाव लड़ने का निर्देश
नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी हाईकमान ने प्रदेश नेतृत्व को अभी से चुनावी मैदान में सक्रिय होने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के दीपावली के बाद उत्तराखंड दौरे की संभावना जताई जा रही है।
नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी मौजूद रहीं।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
हाईकमान ने प्रदेश के नेताओं को आपसी मतभेद दूर कर एकजुटता के साथ काम करने और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का संदेश दिया। साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों पर एक महीने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व ने कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों को चुनावी अभियान में प्रमुखता देने की बात कही है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने की बात कही।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से उत्तराखंड में रैली आयोजित करने के लिए समय मांगा गया है। रैली की तारीख पर केंद्रीय नेतृत्व की ओर से निर्णय लिया जाना है।
कांग्रेस नेतृत्व की इस सक्रियता के बीच अब प्रदेश संगठन की नजर आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने पर है।


