फर्रुखाबाद
थाना कादरी गेट क्षेत्र के इटावा-बरेली हाईवे पर मुरहास कन्हैया के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार तीन पल्लेदारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। घायलों को राहगीरों की मदद से डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव बढेली निवासी अमरीश (42) पुत्र राजेंद्र सिंह, गुलशन (26) पुत्र अशोक कुमार और अजय (30) पुत्र रामप्रकाश मुरहास कन्हैया के पास स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदारी का काम करते हैं। शुक्रवार देर रात तीनों अपना काम समाप्त करने के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान इटावा-बरेली हाईवे पर मुरहास कन्हैया के पास पीछे से आई तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
कार की टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहीं, दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घायल अमरीश ने शनिवार को बताया कि तीनों लोग कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदारी का काम करके अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक प्रदीप राजपूत ने बताया कि तीनों घायलों को अस्पताल लाया गया है। इनमें अजय कुमार के पैर में फ्रैक्चर है, जबकि अमरीश और गुलशन को भी गंभीर चोटें आई हैं। तीनों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। हादसे के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

